बिहार के गोपालगंज जिले में दिनदहाड़े एक ज्वेलरी शॉप में लूट और उसके बाद हुई फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना क्षेत्र के लाला छपरा बाजार की है, जहां पांच की संख्या में आए बाइक सवार बदमाशों ने स्वर्ण व्यवसायी दीपक वर्मा की दुकान को निशाना बनाया।
बताया जा रहा है कि अपराधी लूट के इरादे से दुकान में घुसे और हथियार के बल पर आभूषण लूटने लगे। अचानक हुई इस वारदात से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लूटपाट के बाद जब बदमाश भागने लगे, तभी उनकी एक बाइक स्टार्ट नहीं हो सकी। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए एक अपराधी को पकड़ लिया।
इसी बीच अन्य बदमाशों ने भागने के दौरान फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से निवासी डबलू मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में गुस्सा फैल गया।
भाग रहे अपराधियों में से एक को ग्रामीणों ने पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि बाकी बदमाश मौके से फरार होने में सफल रहे।
मृतक की खबर मिलते ही ग्रामीण उग्र हो गए और सीसई गांव के पास शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने तथा सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
मामले पर हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि ज्वेलरी शॉप में लूट की घटना हुई है, जिसमें एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हुई है। अब तक दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है और बाकी की तलाश जारी है।
स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
