पटना में भामाशाह जयंती के अवसर पर जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की ओर से पार्टी कार्यालय में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद नीतीश कुमार का यह पार्टी कार्यालय में पहला सार्वजनिक कार्यक्रम था। इस आयोजन में उनके साथ उनके पुत्र निशांत भी शामिल हुए, जिससे कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। मंच से नीतीश कुमार ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से ताली बजवाकर माहौल को जोशपूर्ण बना दिया। उनके संबोधन और उपस्थिति ने पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भर दी।

नीतीश कुमार के कार्यक्रम से निकलने के बाद निशांत भी पार्टी कार्यालय पहुंचे। उनके पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने नाच-गाना शुरू कर दिया और उनसे मिलने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। गीतों और नारों के माध्यम से उनकी तारीफ की गई। उल्लेखनीय है कि 8 मार्च को निशांत जेडीयू में शामिल हुए थे और तब से वे लगातार पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

इस कार्यक्रम का आयोजन जेडीयू नेता और नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले द्वारा किया गया था। इस दौरान भामाशाह के योगदान और त्याग को याद किया गया तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।

आने वाले समय में निशांत की सक्रियता और बढ़ने वाली है। वे 3 मई से बिहार दौरे की शुरुआत करने जा रहे हैं, जिसकी शुरुआत पश्चिमी चंपारण से होगी। इसके साथ ही वे पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से नियमित फीडबैक भी ले रहे हैं, जिससे संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर काम किया जा सके।

जेडीयू विधायक ने कहा कि नीतीश कुमार का आशीर्वाद हमेशा पार्टी को मिलता रहेगा और उनका लक्ष्य है कि संगठन में सभी लोग मिलकर बेहतर काम करें। इस कार्यक्रम ने यह संकेत दिया कि पार्टी में एक नई ऊर्जा और सक्रियता देखने को मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *