आरा: भोजपुर जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर सामने आया है। जिला नियोजनालय भोजपुर की ओर से सोमवार, 27 अप्रैल 2026 को एक दिवसीय जॉब कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह जॉब कैंप जिला नियोजनालय कार्यालय परिसर, कृषि भवन, आरा में आयोजित होगा, जहां योग्य अभ्यर्थियों का ऑन-द-स्पॉट चयन किया जाएगा।

जिला नियोजनालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इस जॉब कैंप में Elite Foods Private Limited, होसुर (बेंगलुरु) की ओर से भर्ती की जाएगी। कंपनी प्रोडक्शन हेल्पर और पैकिंग हेल्पर के कुल 45 पदों को भरने के लिए उम्मीदवारों का चयन करेगी। चयनित अभ्यर्थियों को 16,000 से 18,000 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा, जो युवाओं के लिए एक अच्छा रोजगार अवसर माना जा रहा है।

इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 42 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं शैक्षणिक योग्यता के तौर पर 8वीं, 10वीं पास या ITI उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। खास बात यह है कि इस जॉब कैंप में पुरुष और महिला दोनों उम्मीदवारों को समान अवसर दिया जाएगा।

जिला नियोजन पदाधिकारी प्रणव प्रतीक ने बताया कि जॉब कैंप में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का नियोजनालय में पंजीकरण अनिवार्य है। जिन युवाओं ने अभी तक अपना रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, वे नेशनल करियर सर्विस (NCS) पोर्टल www.ncs.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं या सीधे जिला नियोजनालय भोजपुर से संपर्क कर सकते हैं।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जॉब कैंप में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क है। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा और आधार कार्ड लेकर निर्धारित तिथि पर उपस्थित होना होगा। यह जॉब कैंप सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक चलेगा।

जिला नियोजन पदाधिकारी ने सभी बेरोजगार युवाओं से अपील की है कि वे इस मौके का लाभ उठाएं और समय पर पहुंचकर रोजगार पाने की दिशा में कदम बढ़ाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *