पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के बाद सियासी हलचल लगातार तेज होती जा रही है. जन सुराज पार्टी से नेताओं के बाहर निकलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. इसी कड़ी में सोमवार को पश्चिमी चंपारण के रामनगर प्रखंड की मुखिया संघ की अध्यक्ष स्मिता चौरसिया ने पार्टी को बड़ा झटका देते हुए उसका साथ छोड़ दिया और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का दामन थाम लिया.
राजधानी पटना स्थित जदयू के प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में स्मिता चौरसिया ने औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. इस दौरान उनके साथ कई अन्य महिला नेता भी जदयू में शामिल हुईं, जिनमें संगीता देवी, फेतों देवी, अमना खातून और प्रियंका देवी प्रमुख रूप से शामिल हैं.
सदस्यता ग्रहण करने के बाद स्मिता चौरसिया ने अपने फैसले के पीछे की वजह स्पष्ट करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए किए गए कार्यों से वह बेहद प्रभावित हैं. उन्होंने कहा कि यही कारण है कि उन्होंने जदयू में शामिल होने का निर्णय लिया.
इस मौके पर जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने सभी नेताओं को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई और उनका स्वागत किया. उन्होंने कहा कि स्मिता चौरसिया लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय रही हैं और पश्चिमी चंपारण में उनका अच्छा जनाधार है. उनके शामिल होने से जिले में पार्टी संगठन को और मजबूती मिलेगी.
उमेश कुशवाहा ने आगे कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास के कई नए आयाम स्थापित किए हैं, जिसका असर समाज के हर वर्ग पर पड़ा है. खासकर महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किया गया काम आज एक मॉडल के रूप में देखा जा रहा है.
उन्होंने यह भी कहा कि जदयू के भविष्य और उसकी नीतियों से प्रेरित होकर बड़ी संख्या में लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं. आने वाले समय में यह समर्थन और बढ़ेगा, जिससे पार्टी और अधिक मजबूत होकर उभरेगी.
