गोपालपुर। बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल कार्यालय, नवगछिया द्वारा इस्माईलपुर-बिंद टोली के बीच गंगा किनारे चल रहे कटाव निरोधी कार्य निर्धारित समय पर पूरा नहीं हो सका है। इस परियोजना के अंतर्गत स्पर संख्या सात से आठ तथा स्पर संख्या आठ से नौ के बीच लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से कार्य कराया जा रहा है। विभाग द्वारा इस कार्य को पूरा करने की अंतिम तिथि 15 मई तय की गई थी, लेकिन विभिन्न तकनीकी और मानव संसाधन से जुड़ी समस्याओं के कारण समय-सीमा का पालन नहीं हो पाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्य में देरी का मुख्य कारण मजदूरों की कमी, सीट पाइलिंग मशीन में आई तकनीकी खराबी तथा कार्य की धीमी प्रगति रही। इन बाधाओं के चलते निर्माण कार्य अपेक्षित गति नहीं पकड़ सका, जिससे निर्धारित समय में लक्ष्य अधूरा रह गया। स्थिति को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने संवेदक (ठेकेदार) के खिलाफ विभागीय नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए कार्य पूरा करने के लिए 30 जून तक का अतिरिक्त समय प्रदान किया है।
अभियंता प्रमुख के निर्देश पर अधीक्षण अभियंता सुबोध चौधरी मौके पर कैंप कर कार्य की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब कार्य को युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आगामी बाढ़ सत्र से पहले तटबंध को सुरक्षित किया जा सके। इसके लिए पश्चिम बंगाल और नेपाल के आसपास के क्षेत्रों से मजदूरों को बुलाकर बोल्डर क्रेटिंग का काम तेज किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा हो जाएगा, जिससे गंगा के कटाव से होने वाले नुकसान से राहत मिल सकेगी। विभाग भी कार्य में तेजी लाकर इसे तय समय में पूर्ण करने के लिए प्रयासरत है।


