भागलपुर के मंदरोजा स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर भवन में श्री श्याम भक्त मंडल एवं श्री श्याम भक्त मंडल न्यास के तत्वावधान में पारंपरिक फाल्गुनोत्सव श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। दो दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरा मंदिर परिसर श्याममय वातावरण में डूबा नजर आया।

 

फाल्गुनोत्सव के प्रथम दिन स्थानीय श्री गोशाला प्रांगण से भव्य निशांत शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा में हजारों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए। श्रद्धालु “श्याम बाबा की जय” के जयकारे लगाते हुए भजन-कीर्तन और नृत्य के साथ नगर भ्रमण करते हुए मंदिर परिसर पहुंचे। रास्ते भर भक्तिमय माहौल बना रहा। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभा यात्रा का स्वागत किया गया, जिससे पूरा मार्ग श्रद्धा और आस्था से सराबोर हो उठा।

 

आयोजकों ने बताया कि शोभा यात्रा शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इसके बाद मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना, आरती और भजन संध्या का आयोजन किया गया। संध्या 8 बजे से बाबा का ज्योत एवं भव्य कीर्तन कार्यक्रम शुरू हुआ, जिसमें भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक फूलों से सजाया गया था, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा।

 

पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग भी सराहनीय रहा। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी फाल्गुनोत्सव को भव्य स्वरूप देने का प्रयास किया गया और इसमें समाज के सभी वर्गों का भरपूर सहयोग मिला।

 

इस अवसर पर संतोष अग्रवाल, प्रशांत केजरीवाल, सुरेश मोहता, पवन मेहता, पवन भालोटिया, शिव शंकर, नवल मित्तलवाला और अंकुर चौधरी समेत कई सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *