apnabiharjharkhand

बरारी पूल घाट पर रातभर मुस्तैद रही भागलपुर पुलिस, यात्रियों को दिया सुरक्षा का भरोसा



विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद भागलपुर का बरारी पूल घाट इन दिनों यात्रियों की आवाजाही का बड़ा केंद्र बन गया है। बड़ी संख्या में लोग इसी रास्ते सफर करने को मजबूर हैं। ऐसे में जिला प्रशासन और भागलपुर पुलिस यात्रियों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। देर रात घाट पर पुलिस की सक्रियता ने लोगों के बीच भरोसा और सुरक्षा का एहसास पैदा किया।


रात के अंधेरे में जब यात्री बरारी पूल घाट किनारे विश्राम कर रहे थे, तब भागलपुर पुलिस सुरक्षा कवच बनकर उनके बीच मौजूद रही। घाट क्षेत्र में तैनात पुलिस अधिकारी जितेंद्र कुमार ओझा अपने दो जवानों के साथ लगातार गश्त करते नजर आए। वे यात्रियों के बीच पहुंचकर उनका हालचाल लेते रहे, सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे और लोगों को भरोसा दिलाते रहे कि प्रशासन हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है।

पुलिस अधिकारी जितेंद्र कुमार ओझा ने बताया कि जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक के स्पष्ट निर्देश हैं कि बरारी पूल घाट से होकर गुजरने वाले हर यात्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। रात में घाट पर रुकने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि विक्रमशिला पुल की स्थिति को देखते हुए यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है। पुलिसकर्मी सिर्फ कानून व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यात्रियों की छोटी-बड़ी जरूरतों पर भी नजर रख रहे हैं।

देर रात घाट पर पुलिस की मौजूदगी ने यात्रियों के मन से डर और असुरक्षा की भावना को काफी हद तक कम किया है। लोगों का कहना है कि पुलिस की यह मानवीय और जिम्मेदार कार्यशैली उन्हें राहत और भरोसा दे रही है। भागलपुर पुलिस की यह संवेदनशील पहल अब इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *