बोकारो से इस वक्त की बड़ी खबर…
सेक्टर 12 थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है। 12/D दुर्गा फील्ड के पास दो युवकों पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है, जबकि वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
बोकारो जिले के सेक्टर 12 थाना क्षेत्र अंतर्गत 12/D दुर्गा फील्ड के पास रविवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दो युवकों पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया गया। बताया जा रहा है कि जय और सुजल नामक युवकों ने बातचीत करने के बहाने दोनों को बुलाया था। पहले सामान्य बातचीत हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद हिंसा में बदल गया।
आरोप है कि हमलावरों ने भुजाली और बांस से दोनों युवकों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि दोनों युवक लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े। घटना के बाद आसपास के लोगों में भगदड़ और दहशत का माहौल बन गया।
घायलों की पहचान सेक्टर 2/B निवासी 18 वर्षीय आकाश कुमार और सेक्टर 12 पटना खटाल निवासी 14 वर्षीय पवन कुमार यादव के रूप में हुई है। आकाश कुमार को पेट और हाथ में चाकू लगी है, जबकि पवन कुमार यादव को कमर के नीचे गंभीर चोट आई है।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल दोनों की हालत सामान्य बनी हुई है, लेकिन उन्हें निगरानी में रखा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर 12 थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और घायलों से पूछताछ शुरू की। पुलिस का कहना है कि हमले के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। फिलहाल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
बोकारो में खूनी खेल : बातचीत के बहाने बुलाकर दो युवकों पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला, इलाके में दहशत


