apnabiharjharkhand

मजदूर की बेटी बनी धनबाद की साइंस टॉपर, 97.4% अंक लाकर रचा इतिहास

धनबाद : कहते हैं कि मेहनत और हौसले के आगे गरीबी भी हार मान लेती है। धनबाद की बेटी पूनम कुमारी ने इस कहावत को सच साबित कर दिखाया है। भूदा बस्ती की रहने वाली पूनम ने सीबीएसई बोर्ड से संचालित सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस एसएसएलएनटी प्लस टू स्कूल से विज्ञान संकाय में 97.4 प्रतिशत अंक हासिल कर पूरे जिले में टॉप किया है। मजदूर परिवार से आने वाली पूनम की यह सफलता अब पूरे जिले के लिए प्रेरणा बन गई है।

पूनम के पिता धर्मु गोराई मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि उनकी मां टीपू देवी गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों और आर्थिक तंगी के बावजूद पूनम ने कभी अपने सपनों को कमजोर नहीं पड़ने दिया। संयुक्त परिवार में रहने वाली पूनम ने कठिन हालात में लगातार पढ़ाई जारी रखी और आज अपनी मेहनत से इतिहास रच दिया।

रविवार को गोराई समाज की ओर से पूनम को सम्मानित किया गया। इस दौरान समाज के अध्यक्ष आशीष गोराई ने कहा कि पूनम ने यह साबित कर दिया है कि सफलता केवल सुविधाओं से नहीं, बल्कि मेहनत और आत्मविश्वास से मिलती है। उन्होंने कहा कि पूनम की उपलब्धि पूरे समाज के लिए गर्व की बात है।

मीडिया से बातचीत में पूनम ने बताया कि वह आगे एमबीबीएस की पढ़ाई कर डॉक्टर बनना चाहती हैं, ताकि गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा कर सकें। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया। पूनम ने बताया कि परिवार में कुल नौ सदस्य हैं और दो बड़े भाई निजी नौकरी करते हैं। आर्थिक परेशानियों के बावजूद परिवार ने हमेशा उनकी पढ़ाई को प्राथमिकता दी।

अंकों की बात करें तो पूनम ने अंग्रेजी में 95, भौतिकी में 96, रसायन विज्ञान में 98, जीव विज्ञान में 98 और आईटी में 100 अंक हासिल किए हैं। उनकी यह उपलब्धि अब हजारों छात्रों के लिए प्रेरणा बन चुकी है, जो अभावों के बीच बड़े सपने देखने का साहस रखते हैं।

संवाददाता : नीतीश कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *