जामताड़ा। जिला मुख्यालय स्थित कार्यालय परिसर में नारी शक्ति जामताड़ा का 11वां स्थापना दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान संगठन की 11 वर्षों की यात्रा, उद्देश्यों और अब तक किए गए कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
समारोह में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की सामाजिक भागीदारी बढ़ाने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने को लेकर विचार साझा किए गए। उपस्थित महिलाओं ने महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देने और समाज में महिलाओं की भूमिका को मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सह नारी शक्ति जामताड़ा की जिला अध्यक्ष आभा आर्या ने कहा कि किसी भी समाज में बड़ा बदलाव छोटे-छोटे प्रयासों से ही संभव होता है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को एक मंच पर एकजुट करना, उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
आभा आर्या ने कहा कि संगठन की ओर से महिलाओं और जरूरतमंद लोगों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रयास लगातार किया जाता रहा है। पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना तथा बेटियों को शिक्षा, अधिकार और उनके भविष्य के प्रति जागरूक करना संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी इन कार्यों को और मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष आभा आर्या ने की। मंच का संचालन जिला प्रवक्ता मनीमाला दे और उपाध्यक्ष तारा देवी ने संयुक्त रूप से किया। समारोह के दौरान संगठन की आगामी गतिविधियों और महिला हित से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
अंत में टीया महत्ता ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। स्थापना दिवस समारोह महिलाओं की एकजुटता, आत्मनिर्भरता और अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए संपन्न हुआ।
रिपोर्ट—संतोष कुमार, जामताड़ा







