भागलपुर में जाम बना नासूर, तिलकामांझी से स्टेशन-कचहरी चौक तक हर दिन यातायात व्यवस्था बेहाल



भागलपुर। स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित हो रहे भागलपुर शहर में जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। शहर के प्रमुख चौराहों और सड़कों पर आए दिन लगने वाला जाम अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। खासकर तिलकामांझी चौक पर अक्सर वाहनों की लंबी कतार देखने को मिलती है।

तिलकामांझी चौक के अलावा स्टेशन चौक, कचहरी चौक से लेकर घंटाघर तक जाम की स्थिति कई बार विकराल हो जाती है। सड़क पर वाहनों का बढ़ता दबाव और कई जगहों पर सड़क की कम चौड़ाई के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। जाम के कारण आम लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लग रहा है।

हालांकि ट्रैफिक डीएसपी और उनकी टीम की ओर से यातायात को सुचारू रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रमुख चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती और वाहनों को नियंत्रित करने की कोशिश भी की जाती है, लेकिन सड़क की संरचना और लगातार बढ़ते यातायात दबाव के कारण समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हो पा रही है।

शाम के समय उल्टा पुल के आसपास स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो जाती है। रात करीब 8 बजे के बाद कोयला डिपो से विभिन्न स्थानों के लिए बसों के परिचालन शुरू होने के साथ ही सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। इससे जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है।

बताया जाता है कि बस स्टैंड को कुछ समय के लिए रिक्शाडीह स्थानांतरित किया गया था। हालांकि विभिन्न कारणों के चलते जिला प्रशासन ने बस सेवा को फिर से कोयला डिपो की ओर स्थानांतरित कर दिया। इसके बाद इस क्षेत्र में वाहनों का दबाव बढ़ने से यातायात व्यवस्था पर अतिरिक्त असर पड़ रहा है।

अब सवाल यह है कि स्मार्ट सिटी भागलपुर को जाम से स्थायी निजात कब मिलेगी? शहरवासियों की मांग है कि प्रमुख मार्गों पर यातायात का बेहतर प्रबंधन, सड़क चौड़ीकरण और बस परिचालन के लिए स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि रोजाना लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिल सके।

Related Posts

भागलपुर में साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को मिली राहत, पुलिस ने वापस कराए ₹1 लाख

भागलपुर। जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में साइबर ठगी के एक मामले में भागलपुर साइबर थाना पुलिस…

ससुराल के दरवाजे पर धरने पर बैठी नवविवाहिता, 10 घंटे तक इंतजार; बोलीं- “यहीं रहूंगी”

बिहार के कैमूर जिले के मोहनिया शहर की शिवपुर कॉलोनी, वार्ड नंबर 13 में रविवार को एक नवविवाहिता अपने ही ससुराल के दरवाजे पर धरने पर बैठ गई। महिला की…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *