जमुई की बेटी लक्ष्मी भार्गव ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। महज 21 साल की उम्र में लक्ष्मी ने गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता मिस राइना हिस्पानोअमेरिकाना इंडिया 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। देशभर से पहुंचीं प्रतिभागियों को पीछे छोड़कर लक्ष्मी ने यह मुकाम हासिल किया है। अब वह अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
वीओ:
अहमदाबाद के एक निजी होटल में आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग राज्यों से 30 से अधिक फाइनलिस्टों ने हिस्सा लिया। तीन दिनों तक चले ग्रैंड फिनाले में प्रतिभागियों को रैंप वॉक, इंट्रोडक्शन, टैलेंट राउंड और प्रश्नोत्तर जैसे कई चरणों से गुजरना पड़ा।
लक्ष्मी भार्गव ने हर राउंड में अपने आत्मविश्वास, बौद्धिक क्षमता और शानदार रैंप प्रेजेंस से जजों को प्रभावित किया। फाइनल राउंड में उनसे महिला सशक्तिकरण और भारतीय संस्कृति से जुड़ा सवाल पूछा गया। लक्ष्मी ने बेहद संतुलित और प्रभावशाली अंदाज में जवाब दिया, जिसके बाद विजेता का ताज उनके नाम कर दिया गया।
वीओ:
लक्ष्मी मूल रूप से जमुई शहर की रहने वाली हैं और फिलहाल स्नातक की पढ़ाई कर रही हैं। बचपन से ही उन्हें मॉडलिंग और फैशन के क्षेत्र में रुचि थी। छोटे शहर से निकलकर राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का उनका सफर आसान नहीं रहा, लेकिन परिवार के सहयोग और खुद पर विश्वास ने उन्हें आगे बढ़ने की ताकत दी।
लक्ष्मी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुओं को दिया है। उनका कहना है कि यह उपलब्धि उनके लिए बेहद खास है और अब उनकी नजर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन करने पर है।
वीओ:
लक्ष्मी की जीत की खबर जमुई पहुंचते ही परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने उनकी इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि लक्ष्मी ने जमुई के साथ-साथ पूरे बिहार का गौरव बढ़ाया है।
अब लक्ष्मी अगले वर्ष बोलीविया में आयोजित होने वाली मिस राइना हिस्पानोअमेरिकाना 2027 की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। इसके लिए वह अभी से तैयारी में जुटने की बात कह रही हैं।






