apnabiharjharkhand

सहरसा में पूर्व सैनिक सेवा परिषद की वार्षिक बैठक संपन्न, नई कार्यकारिणी का हुआ गठन



सहरसा जिले में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, बिहार की सहरसा शाखा की वार्षिक बैठक केंद्रीय विद्यालय के समीप स्थित परिषद कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की उपलब्धियों, पूर्व सैनिकों की समस्याओं तथा उनके समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि 12 अप्रैल को पटना में आयोजित प्रदेश स्तरीय वार्षिक अधिवेशन में निवर्तमान जिला अध्यक्ष प्रवीण कुमार झा को कोसी प्रमंडल प्रभारी तथा गोपाल मिश्र को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस उपलब्धि पर उपस्थित सदस्यों ने खुशी जताई और दोनों पदाधिकारियों को बधाई दी।

इसके बाद सहरसा शाखा की नई कार्यकारिणी के पुनर्गठन को लेकर विचार-विमर्श किया गया। सर्वसम्मति से दिनेश प्रसाद यादव को अध्यक्ष, हवलदार विभाष प्रसाद सिंह को उपाध्यक्ष, विकास मिश्रा को कोषाध्यक्ष तथा शशि भूषण गुप्ता को सचिव पद की जिम्मेदारी दी गई। नई कार्यकारिणी के गठन के बाद नव निर्वाचित पदाधिकारियों का माला पहनाकर स्वागत किया गया और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।

बैठक में मौजूद सदस्यों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा पूर्व सैनिकों के हितों की रक्षा के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन लगातार प्रयासरत रहेगा और जरूरत पड़ने पर प्रशासनिक स्तर पर भी पहल की जाएगी।

नव निर्वाचित अध्यक्ष दिनेश प्रसाद यादव ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्व सैनिकों के अधिकारों की रक्षा, उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान और संगठन को मजबूत बनाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी सदस्यों से एकजुट होकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *