apnabiharjharkhand

प्रेमी की रिहाई की मांग को लेकर युवती मोबाइल टावर पर चढ़ी, डेढ़ घंटे चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

धनबाद के गोमो इलाके में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवती अपने प्रेमी को पुलिस हिरासत से छुड़ाने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे ने इलाके के लोगों की सांसें थाम दीं। घटना गोमो के सिकलाइन इलाके की बताई जा रही है, जहां युवती को टावर पर चढ़ा देख मौके पर भारी भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार शाहरिया की रहने वाली देवन्ती कुमारी नाम की युवती एक शादीशुदा युवक से प्रेम करती है। बताया जा रहा है कि उक्त युवक को किसी मामले में निमियाघाट थाना की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। प्रेमी की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही युवती सीधे सिकलाइन स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई और वहीं से अपने प्रेमी को रिहा करने तथा उससे शादी कराने की मांग करने लगी।

मौके पर मौजूद लोगों ने युवती को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही। घटना की सूचना मिलते ही हरिहरपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय ग्रामीण लगातार युवती को सुरक्षित नीचे उतरने के लिए मनाते रहे। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आखिरकार पुलिस और ग्रामीणों की समझाइश काम आई और युवती सुरक्षित नीचे उतर गई।

इसके बाद पुलिस युवती को अपने साथ थाने ले गई, जहां उसके परिजनों को भी बुलाया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

वहीं स्थानीय मुखिया अहमद अली ने बताया कि युवती काफी देर तक टावर पर चढ़ी रही। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर उसे समझाया, तब जाकर वह नीचे उतरने को तैयार हुई। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है।

समय रहते पुलिस की सूझबूझ और स्थानीय लोगों के सहयोग से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद पूरे इलाके में इस मामले की चर्चा बनी हुई है।

संवाददाता : नितीश कुमार, धनबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *