जामताड़ा। जिले के उच्च विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को ‘प्रोजेक्ट प्रज्ञान’ के तहत विशेष ऑनलाइन कक्षाओं का शुभारंभ किया गया। संयुक्त सहकारिता भवन, जामताड़ा से आयोजित कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने फीता काटकर किया।
उपायुक्त आलोक कुमार की पहल, सोच और मार्गदर्शन में शुरू की गई इस डिजिटल पहल का मुख्य उद्देश्य जिले के दूरस्थ क्षेत्रों तक विषय विशेषज्ञ और दक्ष शिक्षकों के माध्यम से बेहतर शिक्षा पहुंचाना है। इसके तहत विशेष रूप से कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई कराई जाएगी, ताकि आगामी बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों में गुणात्मक सुधार लाया जा सके।
उपायुक्त ने बताया कि प्रोजेक्ट प्रज्ञान के तहत गणित, भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, अर्थशास्त्र समेत अन्य विषयों की पढ़ाई निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार कराई जाएगी। विशेष ऑनलाइन कक्षाओं का प्रसारण जिला सहकारिता भवन स्थित स्टूडियो से किया जाएगा।
इसके लिए विद्यालयों और विद्यार्थियों को अलग-अलग यूजर आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराया गया है। विद्यार्थी विद्यालय के आईसीटी लैब, साइबर कैफे अथवा घर से भी इन ऑनलाइन कक्षाओं से जुड़ सकेंगे। विद्यालयों में आईसीटी लैब और प्रोजेक्टर के माध्यम से कक्षाओं का प्रसारण सुनिश्चित किया जाएगा।
विशेष ऑनलाइन कक्षाएं प्रतिदिन निर्धारित समय-सारणी के अनुसार संचालित होंगी। कक्षा 10वीं के लिए सुबह 9:30 बजे से 11:20 बजे तक, जबकि कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए पूर्वाह्न 11:30 बजे से अपराह्न 2:50 बजे तक कक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
जिन विद्यालयों में संबंधित विषय के शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं, वहां आईसीटी इंस्ट्रक्टर कक्षा संचालन में सहयोग करेंगे और तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान की व्यवस्था की जाएगी। विद्यार्थियों की नियमित सहभागिता पर नजर रखने के लिए प्रत्येक विद्यालय में अलग उपस्थिति पंजी भी रखा जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि शिक्षक केवल ऑनलाइन पढ़ाई ही नहीं करेंगे, बल्कि रैंडम आधार पर विद्यालयों का निरीक्षण कर विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता का परीक्षण भी करेंगे। अगले तीन से साढ़े तीन महीने में पाठ्यक्रम पूरा कराने के साथ रिवीजन और टेस्ट भी लिए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने प्रोजेक्ट प्रज्ञान के प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
संवाददाता : संतोष कुमार जामताड़ा








