धनबाद। जिले में भूधसान और गोफ बनने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला कतरास थाना क्षेत्र के लकड़का 6 नंबर चानक के समीप सामने आया है, जहां सुबह अचानक जोरदार आवाज के साथ जमीन धंस गई। देखते ही देखते करीब 30 फीट गहरा गोफ बन गया, जिसमें एक मवेशी गिरकर फंस गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, इंद्रदेव कुंभकार के घर के बगल में अचानक जमीन धंसने की घटना हुई। जोरदार आवाज के साथ जमीन धंसते ही वहां मौजूद लोग सहम गए। इसी दौरान एक मवेशी गोफ में गिर गया और गहरे गड्ढे में फंस गया। गोफ की गहराई अधिक होने के कारण स्थानीय लोग अपने स्तर से मवेशी को बाहर निकालने में सफल नहीं हो सके।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। लोगों ने मवेशी को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन गोफ करीब 20 से 30 फीट गहरा होने के कारण रेस्क्यू करना काफी मुश्किल साबित हुआ।
इसके बाद मामले की जानकारी बीसीसीएल प्रबंधन को दी गई। सूचना मिलने के बाद बीसीसीएल के अधिकारी और सीआईएसएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मवेशी को बाहर निकालने के लिए पोकलेन मशीन मंगाई गई और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। करीब चार घंटे तक चले अभियान के बाद काफी मशक्कत से मवेशी को गोफ से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हालांकि, घटना के बाद जिस घर के ठीक बगल में गोफ बना है, वहां रहने वाला परिवार काफी डरा हुआ है। परिवार का कहना है कि घर के समीप जमीन धंसने से वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार भूधसान और गोफ बनने की घटनाएं चिंता का विषय बन चुकी हैं।
स्थानीय रैयतों ने बीसीसीएल प्रबंधन पर लंबे समय से सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास की मांग को लेकर केवल आश्वासन देने का आरोप लगाया है। लोगों ने कहा कि अब स्थिति बेहद खतरनाक हो चुकी है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने बीसीसीएल प्रबंधन से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने और सभी लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान पर बसाने की मांग की है। फिलहाल गोफ बनने की इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।
धनबाद से राजेश कुमार की रिपोर्ट








