सहरसा में निजी विद्यालय के हॉस्टल से तीन छात्र लापता, 72 घंटे बाद भी नहीं मिला कोई सुराग



सहरसा: जिले के सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र के काशनगर मुख्य बाजार स्थित एक निजी आवासीय विद्यालय के हॉस्टल से तीन छात्रों के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के 72 घंटे बीत जाने के बावजूद बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। इस घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है, वहीं विद्यालय प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है।

जानकारी के अनुसार, 4 जून की अहले सुबह काशनगर बाजार स्थित कैरियर मेकर आवासीय विद्यालय के हॉस्टल से तीन छात्र अचानक गायब हो गए। लापता छात्रों में फतेहपुर निवासी आदित्य कुमार, मंगनवा निवासी शिवम कुमार और बसनही थाना क्षेत्र के मंगवार गांव निवासी नीरज कुमार शामिल हैं। तीनों छात्र पिछले तीन वर्षों से विद्यालय में रहकर पढ़ाई कर रहे थे।

घटना की जानकारी मिलने के बाद विद्यालय प्रबंधन और परिजनों ने अपने स्तर पर बच्चों की खोजबीन शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में बाजार क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में तीनों छात्र एक साथ जाते हुए दिखाई दिए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए काशनगर थाना पुलिस जांच में जुटी हुई है। शनिवार को पुलिस ने सिमरी बख्तियारपुर और सहरसा रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच शुरू की। इंस्पेक्टर राजीव कुमार झा ने विद्यालय पहुंचकर पूछताछ और आवश्यक छानबीन की।

घटना के बाद विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि तीन छात्र दीवार फांदकर बाहर निकले, तो सुरक्षा कर्मियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई। विद्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरों की अनुपस्थिति को भी बड़ी लापरवाही माना जा रहा है।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और लापता छात्रों की तलाश जारी है। परिजनों ने प्रशासन से बच्चों को जल्द और सुरक्षित बरामद करने की मांग की है।

Related Posts

“पुलिस की गुंडागर्दी पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- ‘नाजी जर्मनी जैसी नहीं बन सकती पुलिस’; तत्काल FIR और CID जांच के आदेश”

“पुलिस की गुंडागर्दी पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- ‘नाजी जर्मनी जैसी नहीं बन सकती पुलिस’; तत्काल FIR और CID जांच के आदेश”

पटना में STF का बड़ा एक्शन: कुख्यात भू-माफिया संतोष डॉन गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद

पटना में STF का बड़ा एक्शन: कुख्यात भू-माफिया संतोष डॉन गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *