सहरसा: सदर थाना क्षेत्र के नगर निगम वार्ड संख्या-10 स्थित बेगहा मोहल्ले में पैतृक संपत्ति को लेकर पारिवारिक विवाद हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि एक सेवानिवृत्त दरोगा ने अपने ही बेटे, जो बिहार पुलिस में जवान है, पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में घायल जवान का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया, जिसके बाद उसने थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
घायल की पहचान प्रभु नारायण साह के 33 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार के रूप में हुई है। मुकेश वर्तमान में बिहार पुलिस में जवान के पद पर कार्यरत हैं और दरभंगा जिले में पदस्थापित हैं।
मुकेश कुमार ने बताया कि उनके पिता तीन वर्ष पूर्व बिहार पुलिस में सब इंस्पेक्टर पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उनका आरोप है कि प्रेम विवाह करने के बाद से पिता उनसे नाराज रहते हैं और पिछले तीन वर्षों से पैतृक संपत्ति को लेकर परिवार में विवाद चल रहा है। इसी कारण उन्हें संपत्ति से बेदखल करने का प्रयास किया जा रहा है।
पीड़ित के अनुसार, वह तीन दिन पहले छुट्टी लेकर पत्नी के साथ घर आए थे। शनिवार की शाम उनके चचेरे भाई सुभाष कुमार बांसबाड़ी में बांस कटवा रहे थे। इसी दौरान उनके पिता वहां पहुंचे और बांस कटवाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि कुछ देर बाद पिता घर पहुंचे और उनके साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान पिता ने चाकू से हमला किया, जबकि उनके भाई ने लाठी से पिटाई की।
हमले में मुकेश के बाएं हाथ की बांह पर चाकू के कई वार किए गए तथा आंख के पास भी चोट आई है। घायल जवान ने घटना का वीडियो भी पुलिस को उपलब्ध कराया है, जिसमें मारपीट की घटना कैद होने का दावा किया गया है।
सदर थाना अध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।