पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र स्थित परेव सोन नदी इलाके में रविवार अहले सुबह अवैध बालू के कारोबार से जुड़े अपराधियों और पुलिस के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। नाव के जरिए कथित तौर पर रंगदारी वसूली की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से करीब 62 राउंड गोलियां चलने की बात सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस की ओर से करीब 22 राउंड और अपराधियों की ओर से लगभग 40 राउंड फायरिंग की गई। मुठभेड़ में एक अपराधी अनीश कुमार को गोली लगी, जबकि पुलिस टीम में शामिल सब इंस्पेक्टर राजू कुमार के बांह में गोली लगी है। वहीं, थानाध्यक्ष अमित कुमार और सहायक थानाध्यक्ष विकेश कुमार को भी कार्रवाई के दौरान चोट लगने की सूचना है।
घायल अपराधी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि घायल सब इंस्पेक्टर को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान अनीश कुमार, पिता रामबाबू राय, निवासी मनेर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अनीश कुमार के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामलों में चार कांड दर्ज हैं। उसके नाम का संबंध AK-47 से जुड़े एक मामले में भी सामने आने की बात कही गई है।
पुलिस ने घटनास्थल से एक देशी राइफल, एक देशी कारबाइन, एक देशी पिस्टल, दो देशी कट्टा, करीब 25 राउंड जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की जा रही एक नाव बरामद की है।
बताया जा रहा है कि इस गिरोह के तीन अन्य अपराधी मौके से फरार हो गए हैं। फरार अपराधी आरा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस नदी किनारे और आसपास के इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पटना पश्चिमी सिटी एसपी संकेत कुमार मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस अब गिरफ्तार अपराधी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों, उनके नेटवर्क और कथित रंगदारी वसूली से जुड़े पूरे मामले की जांच में जुट गई है।





