मोतिहारी पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में शराब तस्करी का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। कथित तौर पर शराब के अवैध कारोबार का विरोध करने पर बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। दिल दहला देने वाली यह घटना नगर थाना क्षेत्र के तेलिया पट्टी वार्ड संख्या-19 की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान स्वर्गीय काली प्रसाद के 22 वर्षीय पुत्र अनुराग कुमार के रूप में हुई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, अनुराग का बड़ा भाई गुरूर कथित तौर पर शराब तस्करी के अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ था। अनुराग लगातार इस काम का विरोध करता था, जिसके कारण दोनों भाइयों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
बताया जा रहा है कि पिता की मौत के बाद दोनों भाई एक साथ रह रहे थे। आरोप है कि जब बड़े भाई ने शराब तस्करी का काम शुरू किया तो अनुराग ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। समय के साथ दोनों भाइयों के बीच तनाव बढ़ता गया और आए दिन कहासुनी होने लगी।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात शराब तस्करी को लेकर दोनों भाइयों के बीच एक बार फिर विवाद हुआ। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में बड़े भाई ने धारदार हथियार से अनुराग का गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
रविवार सुबह जब परिजनों और पड़ोसियों की नजर घर के अंदर खून से सने अनुराग के शव पर पड़ी तो इलाके में सनसनी फैल गई। घर में चीख-पुकार मच गई और तत्काल नगर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए हैं।
नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि भाई-भाई के बीच विवाद में हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। हत्या के आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों और पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच में जुटी हुई है।





