apnabiharjharkhand

NEET विवाद पर फूट पड़े खान सर के आंसू, बोले- “NTA ने बच्चों के सपने तोड़ दिए”

पटना: NEET-UG 2026 पेपर लीक विवाद को लेकर शनिवार को पटना के चर्चित शिक्षक khan sir लाइव क्लास के दौरान भावुक हो गए। छात्र रितिक मिश्रा की मौत का जिक्र करते हुए वह मंच पर ही रो पड़े। उन्होंने कहा, “आज एक शिक्षक अपने मंच पर असहाय महसूस कर रहा है। आज हमारे पास बच्चों को देने के लिए कुछ नहीं बचा है।”

खान सर ने NEET विवाद को सिर्फ परीक्षा में गड़बड़ी नहीं, बल्कि लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि गरीब परिवार अपने बच्चों को डॉक्टर बनाने के लिए कर्ज तक लेते हैं, दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन जब परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठते हैं तो सबसे ज्यादा नुकसान मेहनती छात्रों का होता है।

लाइव क्लास में भावुक होते हुए उन्होंने कहा, “हम बच्चों से कहते हैं धैर्य रखो, शायद कुछ अच्छा होगा, लेकिन आज हम खाली हाथ खड़े हैं। शायद इस देश में बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले लोग कभी गरीबों का दर्द नहीं समझेंगे। कोई ठेला लगाने वाला, कोई सब्जी बेचने वाला भी अपने बच्चे को NEET दिलाने का सपना देखता है।”

खान सर ने कहा कि कई छात्र-छात्राएं डॉक्टर बनने का सपना देखते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनके सपनों को तोड़ देती हैं। उन्होंने कहा, “जब भी कोई बच्चा डॉक्टर को देखेगा तो उसे याद आएगा कि NTA ने उसका सपना छीन लिया।”

उन्होंने परीक्षा प्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो लोग छात्रों के भविष्य से खेल रहे हैं, उन्हें एक दिन इसका परिणाम जरूर भुगतना पड़ेगा। खान सर के इस भावुक बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

दरअसल, 3 मई को आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा का पेपर लीक होने के आरोप सामने आए थे। विवाद बढ़ने के बादNational Testing Agency  ने परीक्षा रद्द कर दी। अब NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *