गोपालगंज में सेप्टिक टैंक बना मौत का कुआं, जहरीली गैस से चार मजदूरों की मौत; भाई को बचाने उतरा युवक भी नहीं लौट सका


गोपालगंज में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गोपालपुर थाना क्षेत्र के सवनही जगदीश गांव में शौचालय की सेप्टिक टैंक की सेंटरिंग खोलने उतरे चार मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि टंकी काफी समय से बंद थी, जिसके अंदर जहरीली और दमघोंटू गैस जमा हो गई थी। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


स्थानीय लोगों के मुताबिक, रेशमा खातून के मकान में शौचालय की टंकी का निर्माण चल रहा था। ढलाई के बाद लकड़ी और बांस की सेंटरिंग हटाने के लिए मजदूर बंटी टंकी के अंदर उतरा। काफी देर तक उसके बाहर नहीं आने पर उसे देखने के लिए तीन अन्य मजदूर भी एक-एक कर अंदर चले गए। जहरीली गैस की चपेट में आने से चारों बेहोश हो गए।

Sponsored Advertisement


इस दौरान सेराज नाम का एक अन्य मजदूर भी अंदर जाने लगा, लेकिन गैस का असर महसूस होते ही दूसरे मजदूरों ने उसे बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद टंकी की दीवार तोड़कर और सीढ़ी के सहारे चारों मजदूरों को बाहर निकाला। सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


हादसे में उमेश यादव, जावेद आलम, राकेश बैठा और सब्बे आलम की मौत हुई है। घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि राकेश बैठा अपने भाई धनेश को बचाने की कोशिश में टंकी के अंदर उतरा था। भाई के खतरे में होने की सूचना मिलते ही राकेश मौके पर पहुंचा, लेकिन जहरीली गैस की चपेट में आकर उसकी भी जान चली गई।


मृतक सब्बे आलम के नाना इस्लाम अंसारी ने बताया कि उन्होंने अपने नाती को बचपन से पाल-पोसकर बड़ा किया था और वही उनके बुढ़ापे का सहारा था। अब उसकी मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।


घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। जिलाधिकारी के निर्देश पर हादसे की जांच के आदेश दिए गए हैं। हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है और फिलहाल स्थिति सामान्य है।

Related Posts

भागलपुर में दुर्गा पूजा को लेकर अग्निशमन विभाग अलर्ट, 24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम; पंडालों का हो रहा निरीक्षण

भागलपुर। दुर्गा पूजा को लेकर भागलपुर में तैयारियां जोरों पर हैं। शहर के विभिन्न इलाकों में पूजा समितियों की ओर से भव्य पंडालों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।…

भागलपुर में ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, दो घंटे तक ट्रैक पर पड़ा रहा शव; गांधीधाम एक्सप्रेस भी रुकी

भागलपुर। नाथनगर रेलवे स्टेशन से करीब एक किलोमीटर दूर चंपानगर मुसहरी के पास सोमवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। घटना रेलवे…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *