कोशी क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त कोशी’ अभियान को लगातार सफलता मिल रही है। पुलिस उप-महानिरीक्षक कार्यालय, कोशी क्षेत्र, सहरसा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। अभियान में आम लोगों का भी सहयोग मिल रहा है और हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं पर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस उप-महानिरीक्षक कोशी क्षेत्र की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर 9060384865 पर आम लोग नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी जानकारी दे रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान और मोबाइल नंबर पूरी तरह गोपनीय रखे जाते हैं तथा प्राप्त सूचना पर सीधे डीआईजी स्तर से अनुश्रवण कर कार्रवाई की जाती है।
विगत सप्ताह 22 अगस्त से 28 अगस्त 2026 के बीच चलाए गए अभियान में पुलिस ने कुल 2787.82 लीटर अवैध शराब, 318.551 किलोग्राम गांजा, 116.46 ग्राम स्मैक और 155 लीटर कफ सिरप बरामद किया। इसके अलावा एक पिस्टल, 11 कारतूस, 23 मोटरसाइकिल, तीन तीन-पहिया वाहन, तीन चार-पहिया वाहन, सात मोबाइल, पांच सिम, सिरिंज का एक पैकेट और 11,100 रुपये नकद भी जब्त किए गए। इस दौरान अवैध शराब के मामलों में 47 और सूखे नशे के मामलों में 25 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार फरवरी 2026 में अभियान शुरू होने के बाद से अब तक कोशी क्षेत्र में 64 हजार लीटर से अधिक अवैध शराब और 5.5 हजार किलोग्राम से अधिक गांजा समेत बड़ी मात्रा में अन्य नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं। इस अभियान के तहत अब तक कुल 1820 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
डीआईजी कार्यालय ने शराब बरामदगी में और सुधार लाने के लिए सहरसा, सुपौल और मधेपुरा के पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की सूचना हेल्पलाइन नंबर 9060384865 पर कॉल, मैसेज या व्हाट्सएप के माध्यम से दें। विशेष उपलब्धि दिलाने वाली सूचना देने वालों को यथोचित रूप से पुरस्कृत भी किया जाएगा। कोशी क्षेत्र पुलिस ने कहा है कि वह क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।





