बिहार के सीतामढ़ी जिले की महुआवा पंचायत ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल कर पूरे राज्य का गौरव बढ़ाया है। बथनाहा प्रखंड की इस पंचायत का चयन देशभर में आयोजित ‘क्लाइमेट कंट्रोल अवॉर्ड’ में तीसरे स्थान के लिए किया गया है। अब पंचायत को दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों सम्मानित किया जाएगा। इस खबर से पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों में खुशी की लहर है।
इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए पूरे देश से सिर्फ चार पंचायतों का चयन हुआ है। आंध्र प्रदेश की पंचायत को पहला स्थान मिला, जबकि महाराष्ट्र और ओडिशा की पंचायतों को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ। वहीं बिहार की महुआवा पंचायत ने तीसरा स्थान हासिल कर राज्य का मान बढ़ाया है। पंचायत को केंद्र सरकार की ओर से विकास कार्यों के लिए 50 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि भी दी जाएगी।
महुआवा पंचायत ने स्वच्छता, जल संरक्षण और हरित विकास के क्षेत्र में लगातार बेहतरीन काम किया है। पंचायत में सोलर लाइट, सोलर कैमरा, बायोगैस संयंत्र और वाटर हार्वेस्टिंग जैसी योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू किया गया है। यहां एक ही दिन में 9 हजार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण की मिसाल भी कायम की गई।
सीतामढ़ी के जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कमल सिंह ने बताया कि पंचायत के उत्कृष्ट विकास कार्यों की वजह से उसे राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान के लिए चुना गया है। वहीं मुखिया संजीव भूषण गोपाल ने कहा कि यह सम्मान पंचायत की जनता की मेहनत और ईमानदार प्रयासों का परिणाम है।
पंचायत के विकास कार्यों का निरीक्षण भारत सरकार के आर्थिक सलाहकार विजय कुमार बहेरा ने भी किया था, जिसके बाद इसे राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए नामित किया गया। आज महुआवा पंचायत ग्रामीण विकास और पर्यावरण संरक्षण का आदर्श मॉडल बन चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सम्मान सिर्फ महुआवा पंचायत ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है।


