आज देशभर में रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जा रहा है। घर-घर बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना कर रही हैं। लेकिन भागलपुर की लुशी और शोभा के लिए रक्षाबंधन का यह दिन बेहद दर्दनाक है। दोनों बहनें हाथ में राखी लेकर अपने लापता भाई बादल मंडल के लौटने का इंतजार कर रही हैं।
दरअसल, दो दिन पहले भागलपुर के राघोपुर तटबंध के पास एक नौका हादसा हुआ था। इसी हादसे में बादल मंडल डूब गए थे। हादसे के बाद से उनका अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं दोनों बहनों की आंखें भाई के इंतजार में नम हैं।
लुशी और शोभा ने बताया कि आज रक्षाबंधन है। हर साल वे अपने भाई बादल की कलाई पर राखी बांधती थीं, लेकिन इस बार भाई उनके सामने नहीं है। दोनों बहनों ने कहा कि अगर बादल मिल जाते हैं, तो वे सबसे पहले उसकी कलाई पर राखी बांधेंगी। उनके लिए इस समय त्योहार की खुशियों से कहीं ज्यादा जरूरी अपने भाई का सुरक्षित वापस लौटना है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद भागलपुर की डीएम अलंकृता पांडेय भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं। उन्होंने दोनों बहनों से मुलाकात की। भाई के लापता होने के गम में बहनों को रोते-बिलखते देखकर डीएम भी भावुक हो गईं।
डीएम ने परिवार को भरोसा दिलाया कि प्रशासन बादल मंडल की तलाश में पूरी गंभीरता से जुटा हुआ है। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें लगातार खोज अभियान चला रही हैं। नदी में संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है।
रक्षाबंधन के इस भावुक मौके पर दोनों बहनों की नजरें नदी की ओर टिकी हैं। हाथ में राखी और दिल में उम्मीद लिए वे बस यही चाहती हैं कि उनका भाई किसी तरह वापस लौट आए और वे उसकी कलाई पर राखी बांध सकें।






