सीतामढ़ी जिले के महिन्दवारा थाना क्षेत्र के बतरौली गांव में शनिवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बाइक सवार बदमाशों ने 55 वर्षीय रामाशंकर प्रसाद यादव उर्फ रामाशंकर राय की गोली मारकर हत्या कर दी। अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें उन्हें पांच गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उन्हें मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, रामाशंकर राय शाम में गांव के आम बगीचे की ओर गए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर हमला बोल दिया। बताया जा रहा है कि तीन बाइकों पर सवार अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की। गोलियां उनके सिर, कनपटी और शरीर के पिछले हिस्से में लगीं। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर भाग चुके थे। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि लंबे समय से पुरानी दुश्मनी और आपसी विवाद चल रहा था।
मृतक का संबंध गुरुग्राम पुलिस एनकाउंटर में मारे गए कुख्यात सरोज राय से भी बताया जा रहा है। वहीं, उनका एक अन्य रिश्तेदार राकेश राय कई हत्या मामलों में फरार हिस्ट्रीशीटर बताया जाता है। हालांकि पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही महिन्दवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। एसपी के निर्देश पर मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल यानी एसआईटी का गठन किया गया है। पुलिस प्रथम दृष्टया इस हत्याकांड को पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई और इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।


