सोशल मीडिया पर दिखने वाले भ्रामक विज्ञापनों के झांसे में आकर लोग लगातार ऑनलाइन ठगी का शिकार हो रहे हैं। ऐसा ही एक मामला बोकारो जिले के चास प्रखंड क्षेत्र के नारायणपुर गांव से सामने आया है। यहां रहने वाले कालाचंद मंडल ने इंस्टाग्राम पर सोलर लाइट का विज्ञापन देखकर ऑनलाइन ऑर्डर किया, लेकिन जब डिलीवरी हुई तो पैकेट के अंदर लाइट की जगह 500 ग्राम नमक का पैकेट निकला। पीड़ित युवक ने इस पूरे मामले का वीडियो भी बनाया है।
पीड़ित कालाचंद मंडल के अनुसार, उन्होंने इंस्टाग्राम पर सोलर पावर किट का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिखाई गई लाइट उन्हें काफी पसंद आई। इसके बाद उन्होंने विज्ञापन में दिए गए लिंक के माध्यम से शिपरॉकेट के जरिए ऑनलाइन ऑर्डर किया। ऑर्डर के लिए उन्होंने करीब 1,400 रुपये का भुगतान भी किया।
कुछ समय बाद शेडोफैक्स कोरियर का डिलीवरी बॉय उनके घर पर पैकेट लेकर पहुंचा। कालाचंद ने बताया कि परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में डिलीवरी पैकेट खोला गया। पैकेट खुलते ही सभी लोग हैरान रह गए, क्योंकि उसमें सोलर लाइट या पावर किट की जगह 500 ग्राम नमक का पैकेट रखा हुआ था।
पैकेट में सामान देखकर कालाचंद को एहसास हुआ कि उनके साथ ऑनलाइन धोखा हुआ है। उन्होंने डिलीवरी के दौरान ही पैकेट खोलने की पूरी प्रक्रिया का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। बताया गया कि पैकेट डिलीवरी बॉय की मौजूदगी में खोला गया था।
पीड़ित का कहना है कि सोशल मीडिया पर ऑनलाइन खरीदारी के दौरान विज्ञापनों की विश्वसनीयता की जांच किए बिना ऑर्डर करना महंगा पड़ सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान वेबसाइट या सोशल मीडिया विज्ञापन से खरीदारी करने से पहले कंपनी, वेबसाइट और विक्रेता की पूरी जानकारी जांच लें।
यह मामला सोशल मीडिया पर चल रहे भ्रामक विज्ञापनों और ऑनलाइन शॉपिंग में बरती जाने वाली लापरवाही को लेकर भी सवाल खड़े करता है। फिलहाल पीड़ित द्वारा मामले में आगे शिकायत किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है।
संवाददाता – चंदन सिंह





