जमुई। पत्तागोभी के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही थी 711 लीटर शराब के परिवहन और कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। उत्पाद विभाग की टीम ने सोनो प्रखंड के डुमरी चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान पत्ता गोभी से लदे एक पिकअप वाहन से 1,776 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब की कुल मात्रा 711 लीटर बताई गई है। इस मामले में दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विभाग के सचिव और जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार के निर्देशन और उत्पाद थाना प्रभारी गौरीशंकर कुमार के नेतृत्व में डुमरी चेकपोस्ट पर वाहनों की जांच की जा रही थी।
इसी दौरान पत्ता गोभी लदे एक पिकअप वाहन पर संदेह होने के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने उसकी तलाशी ली। तलाशी के क्रम में पत्ता गोभी के नीचे छिपाकर रखी गई शराब की खेप बरामद हुई। जांच के दौरान वाहन से कुल 79 पेटी में रखी 1,776 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब मिली। इसके बाद टीम ने शराब को जब्त कर लिया और मामले में संलिप्त दो नाबालिगों को निरुद्ध किया।
गिरिडीह से लखीसराय ले जाई जा रही थी शराब
उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शराब की यह खेप झारखंड के गिरिडीह से जमुई के रास्ते लखीसराय ले जाई जा रही थी। उत्पाद विभाग अब मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटा है। इस कार्रवाई में उत्पाद थाना प्रभारी गौरीशंकर कुमार के साथ एएसआई विनय कुमार राय की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
त्योहारों को लेकर प्रशासन सतर्क
त्योहारों के मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन अवैध शराब के कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रख रहा है। प्रशासन का उद्देश्य पर्व-त्योहारों के दौरान शांति, सौहार्द और विधि-व्यवस्था बनाए रखना है। उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।





