झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के निधन पर नाला प्रखंड में शोक की लहर है। मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की नाला प्रखंड कमेटी की ओर से शोकसभा आयोजित कर दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया तथा दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
शोकसभा में झामुमो नाला प्रखंड अध्यक्ष उज्ज्वल भट्टाचार्य ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय रूपी सोरेन केवल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता नहीं थीं, बल्कि झारखंड के लोगों के लिए भी उनका विशेष स्थान था। उन्होंने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संघर्ष के दिनों में परिवार के साथ-साथ आंदोलन से जुड़ी जिम्मेदारियों को भी संभाला।
प्रखंड अध्यक्ष ने कहा कि रूपी सोरेन का निधन झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके जाने से झारखंड ने एक ऐसी महिला को खो दिया है, जिन्होंने संघर्ष के दौर में परिवार को मजबूती प्रदान की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
शोकसभा में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी रूपी सोरेन के निधन पर दुख जताया। सभी ने उनके प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की और इस कठिन समय में सोरेन परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष उज्ज्वल भट्टाचार्य, प्रखंड सचिव वासुदेव हांसदा, कोषाध्यक्ष भवसिन्धु लायक, युवा नेता राजू दास, तूफान पाल, शुभेन्दु दत्ता, सानन्द माजी, मीडिया प्रभारी गया प्रसाद मिर्धा, माधव गोरांई, जसोदी मुर्मू, वापी राय, मंगल सोरेन, दयामय घोष, माधव मंडल, महेश्वर मरांडी, मानिक हेम्ब्रम, मेरुलाल, ननी गोपाल दे, छोटेलाल, तपन राउत और बृजू हांसदा सहित झामुमो के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
**रिपोर्ट: संतोष कुमार, जामताड़ा**





