पटना के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के पुरानी बाईपास इलाके में शनिवार शाम एक दर्दनाक अग्निकांड से हड़कंप मच गया। यहां पंकज कुमार की हार्डवेयर दुकान और उससे जुड़े घर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई। मृतकों में पंकज कुमार की 45 वर्षीय पत्नी रीमा देवी, 70 वर्षीय मां गीता देवी और 6 माह की मासूम आस्था शामिल हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
शाम करीब 6:30 बजे मिली सूचना
बाढ़ के एसडीपीओ-2 आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस को शाम करीब 6:30 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अग्निशमन विभाग को जानकारी दी गई। इसके बाद दमकल की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन में तीन लोगों को निकाला गया
दमकलकर्मियों और पुलिस की टीम ने आग के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इस दौरान दो महिलाओं और एक छोटे बच्चे को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया। तीनों आग की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस चुके थे। उन्हें तत्काल पीएचसी बख्तियारपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के दौरान एक बच्ची पहली मंजिल से कूद गई, जिससे उसकी जान बच गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं गृहस्वामी पंकज कुमार, उनके बेटे और बेटी को भी पुलिस एवं प्रशासन की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं
एसडीपीओ आयुष श्रीवास्तव के मुताबिक आग लगने का वास्तविक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। दमकल विभाग द्वारा आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद घटनास्थल की जांच की जाएगी। जांच के बाद ही आग लगने के कारणों का पता चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इस दर्दनाक घटना के बाद बख्तियारपुर इलाके में शोक का माहौल है।






