युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए भागलपुर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में सवौर थाना पुलिस ने कुरपट चौक के समीप छापेमारी कर ब्राउन शुगर के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 14.32 ग्राम ब्राउन शुगर, दो मोबाइल फोन और 2,350 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर के निर्देश पर ‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 19 अगस्त 2026 को सवौर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुरपट चौक के समीप मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही एक युवक मौके से भागने लगा। हालांकि, सशस्त्र बल के सहयोग से पुलिस ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसकी पहचान ज्योतिष कुमार, पिता जलधर यादव, निवासी अमडार, थाना सवौर के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से 11.22 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया।
इसके बाद पुलिस ने ज्योतिष कुमार से पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम ने उसके घर पर छापेमारी की। यहां से मो. लालू, पिता मो. सिराज और धर्मेंद्र कुमार, पिता विश्वनाथ मंडल, दोनों निवासी अमडार, को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके पास से 3.10 ग्राम ब्राउन शुगर और 2,350 रुपये नकद बरामद किए।
पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ और अन्य सामान को जब्त करते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इसके साथ ही पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री में शामिल अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।





