सहरसा पुलिस द्वारा चलाया जा रहा “ऑपरेशन मुस्कान” अब लोगों के लिए राहत और भरोसे का प्रतीक बनता जा रहा है। बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना के निर्देश पर जिले भर में गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अब तक कुल 425 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए हैं। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत 71 लाख 84 हजार 923 रुपये बताई गई है।
सहरसा पुलिस के मुताबिक “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान को चरणबद्ध तरीके से चलाया जा रहा है। फेज-01 से लेकर फेज-08 तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में तकनीकी जांच और पुलिस टीम की सक्रियता के जरिए मोबाइल फोन बरामद किए गए। शुक्रवार 9 मई 2026 को अभियान के फेज-08 के अंतर्गत 73 मोबाइल फोन बरामद कर लोगों को वापस लौटाए गए। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख 43 हजार 774 रुपये आंकी गई है।
मोबाइल वितरण कार्यक्रम का आयोजन पुलिस केंद्र सहरसा में किया गया, जहां पुलिस उपमहानिरीक्षक कोशी क्षेत्र और पुलिस अधीक्षक सहरसा की मौजूदगी में लोगों को उनके मोबाइल फोन सौंपे गए। लंबे समय बाद अपना खोया मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका मोबाइल दोबारा मिल पाएगा, लेकिन सहरसा पुलिस ने उनकी उम्मीद को हकीकत में बदल दिया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि “ऑपरेशन मुस्कान” का उद्देश्य सिर्फ मोबाइल बरामद करना नहीं, बल्कि आम लोगों के बीच पुलिस के प्रति भरोसा मजबूत करना भी है। साथ ही पुलिस ने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तुरंत CEIR पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं, ताकि मोबाइल को ब्लॉक और ट्रैक कर जल्द बरामद किया जा सके।
सहरसा पुलिस का कहना है कि आम जनता की सुरक्षा और सहायता के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
