बिहार में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ी पहल हुई है. नेपाल सीमा से सटे रक्सौल में नए हवाई अड्डे के निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है. केंद्र सरकार ने एयरपोर्ट निर्माण से जुड़ी इंजीनियरिंग कंसल्टेंसी सेवाओं के लिए टेंडर जारी कर दिया है. इसको लेकर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है.
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि रक्सौल हवाई अड्डा बिहार के विकास में अहम भूमिका निभाएगा. उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के संकल्प के साथ बिहार अब विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है. सीएम ने बताया कि रनवे, एप्रन, टैक्सीवे और अन्य एयरसाइड इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण के लिए टेंडर जारी किया गया है.
उन्होंने कहा कि यह परियोजना सीमावर्ती चंपारण क्षेत्र को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी से जोड़ने में मदद करेगी. इससे न केवल लोगों की यात्रा आसान होगी, बल्कि व्यापार, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बड़ा लाभ मिलेगा. नेपाल सीमा के नजदीक होने के कारण रक्सौल एयरपोर्ट रणनीतिक और आर्थिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
फिलहाल बिहार में पटना, गया, दरभंगा और पूर्णिया एयरपोर्ट से उड़ान सेवाएं संचालित हो रही हैं. वहीं पटना के बिहटा में नए एयरपोर्ट का निर्माण कार्य चल रहा है. इसके अलावा सोनपुर और सुल्तानगंज में भी एयरपोर्ट विकसित करने की तैयारी की जा रही है. राज्य सरकार कई अन्य शहरों में छोटे हवाई अड्डों के निर्माण की योजना पर भी काम कर रही है.
इधर, बिहार सरकार राज्य में उद्योग और शहरी विकास को बढ़ावा देने के लिए भी लगातार कदम उठा रही है. हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में बिहार अर्बन ट्रांसपोर्टेशन प्रोग्राम को मंजूरी दी गई है. इस योजना के तहत विश्व बैंक से 500 मिलियन डॉलर की ऋण सहायता लेकर चयनित शहरी क्षेत्रों को आर्थिक रूप से अधिक मजबूत और आधुनिक बनाया जाएगा.
