सहरसा जिले के बिहरा थाना क्षेत्र से एक बड़ी सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है, जहां गुरुवार को मनोरमा पेट्रोल पंप के समीप दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

 

स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना तुरंत 112 डायल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

 

घायलों में पशुपालन निवासी गौतम और प्रिंस शामिल हैं। बताया जा रहा है कि दोनों युवक किसी परिचित की शादी का कार्ड बांटने के लिए बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान मनोरमा पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।

 

वहीं दूसरी बाइक पर सवार समस्तीपुर निवासी 40 वर्षीय कमलेश कुमार और 35 वर्षीय साधना कुमारी भी गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार कमलेश कुमार सुपौल एसडीएम के बॉडीगार्ड के रूप में कार्यरत हैं। हादसे के बाद सभी घायलों को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

 

सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि घायलों में दो की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है, जिन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

 

इधर, बिहरा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और असावधानी को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में लगी हुई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *