बिहार के अररिया जिले से एक बड़ी सुरक्षा से जुड़ी खबर सामने आई है, जहां भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित जोगबनी इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट पर एक चीनी नागरिक को बिना वैध दस्तावेज के भारत में प्रवेश करने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया गया। यह घटना सीमा सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील मानी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी नेपाली नंबर प्लेट वाली स्कूटी पर सवार होकर आईसीपी गेट के पास पहुंचा था। ड्यूटी पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों को उसका व्यवहार संदिग्ध लगा। इसके बाद उसे रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसकी पहचान चीन के हुनान प्रांत के निवासी झोउ हुआन के रूप में हुई, जिसकी जन्म तिथि 20 जनवरी 1985 बताई जा रही है।

जब सुरक्षा बलों ने उससे वीजा और अन्य यात्रा दस्तावेज मांगे, तो उसके पास कोई वैध कागजात नहीं मिले। प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह नेपाल के रास्ते बिना अनुमति भारत में दाखिल हुआ था। इस खुलासे के बाद एसएसबी की 56वीं वाहिनी बथनाहा की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया।

इसके बाद आरोपी को इमिग्रेशन अधिकारियों के साथ संयुक्त पूछताछ के लिए रोका गया। आवश्यक जांच पूरी होने के बाद उसे जोगबनी थाना, अररिया पुलिस को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस, इंटेलीजेंस एजेंसियों और एसएसबी की संयुक्त टीम उससे गहन पूछताछ कर रही है।

सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच में जुटी हैं कि आरोपी भारत में किस उद्देश्य से आया था और क्या इसके पीछे कोई संगठित साजिश है। घटना के बाद बॉर्डर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। अधिकारियों ने साफ कहा है कि बिना वैध दस्तावेज किसी भी विदेशी नागरिक को देश में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

मामले में आगे की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ विदेशी अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *