पटना: बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और भागलपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष का प्रवीण सिंहकुशवाहा शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में असामयिक निधन हो गया। उनके निधन से पूरे बिहार कांग्रेस में शोक की लहर दौड़ गई है और पार्टी को बड़ा झटका लगा है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि प्रवीण सिंह कुशवाहा संगठन के प्रति समर्पित और जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध नेता थे, जिनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में साथ खड़े रहने की बात कही।
बताया जा रहा है कि यह हादसा आगरा- लखनऊ expressway पर कन्नौज के पास हुआ। प्रवीण सिंह कुशवाहा दिल्ली से सड़क मार्ग से भागलपुर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार इनोवा कार चालक को झपकी आ गई। इसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराया और फिर पिलर से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
प्रवीण सिंह कुशवाहा कांग्रेस के जमीनी और सक्रिय नेताओं में गिने जाते थे। वह ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य भी रह चुके थे और ओबीसी वर्ग के एक मजबूत चेहरे के रूप में उनकी पहचान थी। भागलपुर में संगठन को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका रही।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने भी उनके निधन को पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि कुशवाहा एक कर्मठ और जिंदादिल नेता थे, जो हमेशा संगठन के लिए समर्पित रहे।
वहीं मदन झा और अखिलेश प्रकाश झा सहित कई नेताओं ने भी गहरा दुख जताते हुए कहा कि उनके जाने से पार्टी और व्यक्तिगत रूप से बड़ी क्षति हुई है।
प्रवीण सिंह कुशवाहा की पहचान एक ऐसे नेता के रूप में थी, जो हमेशा कार्यकर्ताओं से जुड़े रहते थे और जनसेवा के लिए सक्रिय रहते थे। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में एक बड़ा शून्य पैदा हो गया है।
