सहरसा: पूर्व मध्य रेलवे के सहरसा-मानसी रेलखंड पर शुक्रवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब नरपतगंज से अमृतसर जा रही जनसाधारण एक्सप्रेस के पावर कार से अचानक तेज धुआं निकलने लगा। धुआं उठते ही ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई। हालांकि यात्रियों की सतर्कता और रेलवे कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
जानकारी के अनुसार, जनसाधारण एक्सप्रेस संख्या 14603 जैसे ही सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन में प्रवेश कर रही थी, तभी इंजन के ठीक पीछे लगे पावर कार के पहियों से तेज धुआं निकलने लगा। धुआं इतना अधिक था कि यात्रियों को लगा कि बोगी में आग लग गई है। देखते ही देखते ट्रेन में चीख-पुकार मच गई और कई यात्री घबराकर नीचे उतरने लगे।
स्थिति को गंभीर देखते हुए कुछ सजग यात्रियों ने तुरंत चेन पुलिंग कर ट्रेन को स्टेशन पर ही रोक दिया। यात्रियों की इस सतर्कता ने संभावित बड़े हादसे को टाल दिया। ट्रेन रुकते ही स्टेशन पर मौजूद रेलवे अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी, तकनीकी टीम और स्थानीय अग्निशमन विभाग मौके पर पहुंच गए। रेलकर्मियों ने सबसे पहले बोगी में लगे अग्निशामक यंत्रों की मदद से धुएं पर काबू पाने की कोशिश की। वहीं दमकल कर्मियों ने भी तत्काल कार्रवाई करते हुए स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया।
रेलवे अधिकारियों ने जांच के बाद बताया कि यह घटना ब्रेक बाइंडिंग के कारण हुई। ब्रेक ब्लॉक पहियों से चिपक जाने की वजह से अत्यधिक घर्षण पैदा हुआ, जिससे धुआं निकलने लगा। तकनीकी टीम ने तुरंत पावर कार की ब्रेक बाइंडिंग को रिलीज कर खराबी को दूर किया।
करीब 25 मिनट तक ट्रेन स्टेशन पर खड़ी रही। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को अमृतसर के लिए रवाना कर दिया गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते ट्रेन रोक दी गई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
