झारखंड के पलामू जिले के मझिआंव नगर पंचायत में अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, सम्मान और उत्साह के साथ मनाया गया। विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों मजदूरों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर श्रमिक एकता का संदेश दिया।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी बिहारी सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में विश्रामपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुधीर कुमार चंद्रवंशी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अमृत शुक्ला संयुक्त रूप से मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद मजदूरों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई।

 

अध्यक्ष बिहारी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मजदूर देश की रीढ़ हैं और उनके बिना विकास की कल्पना अधूरी है। उन्होंने नगर पंचायत क्षेत्र के सफाई कर्मियों, निर्माण श्रमिकों और दिहाड़ी मजदूरों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। इस सम्मान समारोह में सुधीर कुमार चंद्रवंशी और अमृत शुक्ला भी शामिल रहे।

 

मुख्य अतिथि सुधीर कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि 1 मई 1886 को शिकागो के मजदूरों ने 8 घंटे काम की मांग को लेकर ऐतिहासिक संघर्ष किया था। आज हमें उनके अधिकारों की रक्षा करनी चाहिए। उन्होंने ई-श्रम कार्ड, श्रमिक पेंशन और मनरेगा जैसी योजनाओं का लाभ हर मजदूर तक पहुंचाने की बात कही।

 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अमृत शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा मजदूरों के साथ खड़ी रही है। उन्होंने न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने, असंगठित मजदूरों को सामाजिक सुरक्षा और उनके बच्चों की शिक्षा सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

 

इस अवसर पर युवा समाजसेवी विवेक शुक्ला, मनोज चंद्रवंशी, कन्हाई चौधरी, अखिलेश यादव, रमेश कुमार, सिराज खलीफा, प्रिंस शुक्ला, विनोद मुखिया, हाई कोर्ट के अधिवक्ता रमेश पासवान, सुनील चंद्रवंशी और लक्ष्मी देवी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम के अंत में सभी ने मजदूरों को उनका हक, सम्मान और सुरक्षा दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। “मजदूर एकता जिंदाबाद” के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

 

संवाददाता – सत्यम शुक्ला, पलामू / झारखंड

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *