बिहार की राजधानी पटना में आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपनी कैबिनेट की दूसरी अहम बैठक करने जा रहे हैं। यह बैठक शाम 5 बजे मुख्य सचिवालय के कैबिनेट हॉल में आयोजित होगी। माना जा रहा है कि इस बैठक में सरकार कई बड़े और जनहित से जुड़े फैसले ले सकती है, जिस पर पूरे राज्य की नजर टिकी हुई है।
मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी ने पहली कैबिनेट बैठक 22 अप्रैल को की थी, जिसमें कुल 22 अहम प्रस्तावों पर मुहर लगी थी। उस बैठक में सरकार ने बिहार के शहरी विकास को गति देने के लिए 11 सैटेलाइट टाउनशिप बनाने का बड़ा फैसला लिया था। इन टाउनशिप के लिए दरभंगा, भागलपुर , मुजफ्फरपुर, गया और पूर्णिया समेत कई जिलों का चयन किया गया है।
इसके अलावा पिछली बैठक में 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए निबंधन की विशेष सुविधा देने का निर्णय लिया गया था। वहीं बाबा हरिनाथ मंदिर को Kashi Vishwanath कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित करने के लिए 680 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी दी गई थी। साथ ही 75 आईटीआई संस्थानों के कायाकल्प और महिला पुलिसकर्मियों के लिए स्कूटी खरीदने की योजना को भी मंजूरी मिली थी।
आज की बैठक इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि हाल ही में केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। ऐसे में राज्य के सरकारी कर्मचारियों को भी उम्मीद है कि बिहार सरकार डीए बढ़ाने को लेकर कोई फैसला ले सकती है।
नई सरकार बनने के बाद से राज्य में विकास कार्यों को तेजी देने पर जोर दिया जा रहा है। ऐसे में आज की कैबिनेट बैठक से बिहार के विकास और कर्मचारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों की उम्मीद की जा रही है।
