पटना के पास बिहटा स्थित सिकंदरपुर औद्योगिक क्षेत्र में भारत सरकार के MSME विभाग द्वारा करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी केंद्र और एक्सटेंशन सेंटर का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया। इसके साथ ही मुजफ्फरपुर, रोहतास, दरभंगा और मुंगेर में बने चार अन्य एक्सटेंशन सेंटर का उद्घाटन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए किया गया।
उद्घाटन से पहले दोनों नेताओं ने केंद्र में स्थापित अत्याधुनिक मशीनों का निरीक्षण किया और उनकी तकनीकी जानकारी ली। कार्यक्रम में 12 कंपनियों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जहां नई तकनीकों और रोजगार संभावनाओं को प्रदर्शित किया गया। अपने संबोधन में जीतन राम मांझी ने बताया कि इस केंद्र के माध्यम से हर साल 10 से 12 हजार युवाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार से जोड़ा जाएगा। साथ ही कौशल योजना के तहत प्रशिक्षित युवाओं को चेक और टूल किट देकर सम्मानित भी किया गया।
बिहटा में बना यह मुख्य केंद्र 171 करोड़ रुपये की लागत से 15 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया गया है, जबकि अन्य चार केंद्र लगभग 10-10 करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसे बिहार के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि इन केंद्रों से युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के साथ डिप्लोमा और ITI जैसी शिक्षा भी उपलब्ध होगी, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि बिहटा स्थित IIT पटना परिसर में करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से AI टेक्नोलॉजी सेंटर स्थापित किया जाएगा, जिससे बिहार को नई तकनीक के क्षेत्र में पहचान मिलेगी। मांझी ने विश्वास जताया कि अब बिहार के युवाओं को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और राज्य में ही बेहतर अवसर मिलेंगे।
