सहरसा जिले के सौर बाजार थाना क्षेत्र में रास्ते के मामूली विवाद ने मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई जमकर मारपीट में एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना सौर बाजार थाना क्षेत्र के रामनगर कांप पूर्वी पंचायत के वार्ड नंबर 10 की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार मो. जुबरेल अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बांस का खुट्टा लगा हुआ था, जिसे उन्होंने हटाकर किनारे रख दिया ताकि रास्ता साफ हो सके। इसी छोटी सी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि इस बात से नाराज होकर दूसरे पक्ष के शुभान अपने पुत्र जावेद समेत करीब दस लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने मिलकर लाठी-डंडे, दविया और हथौड़ी जैसे हथियारों से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
इस हिंसक झड़प में शहनाज खातून, मो. तनवीर और मो. अकबर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि दूसरे पक्ष के कुछ लोगों को भी चोटें आई हैं।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद होने की भी चर्चा है। मामले की सूचना मिलते ही सौर बाजार थाना पुलिस को अवगत कराया गया, जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
