पटना के मसौढ़ी अनुमंडल अंतर्गत धनरुआ थाना क्षेत्र के आश्रयपुर गांव में एक दर्दनाक घटना ने शादी की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। मंगलवार सुबह एक शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में चार साल की मासूम बच्ची सौम्या की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब एक युवक छत पर खड़ा होकर अवैध हथियार से फायरिंग कर रहा था।

बताया जा रहा है कि सौम्या अपनी मां के साथ रिश्तेदार की शादी में शामिल होने आई थी। सुबह के समय वह नीचे सो रही थी, तभी ऊपर से चलाई गई गोली सीधे उसके पेट में आ लगी। गोली लगते ही अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका के पिता पिंटू प्रसाद डोमन बिगहा के रहने वाले हैं। बेटी की मौत से परिवार सदमे में है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने दर्द भरे शब्दों में कहा कि वे खुशी मनाने आए थे, लेकिन अब अपनी बेटी की लाश लेकर लौटना पड़ रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। धनरुआ थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हर्ष फायरिंग की पुष्टि हुई है। आरोपी युवक की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

डीएसपी कन्हैया कुमार ने बताया कि शादी समारोह के दौरान छत से की गई फायरिंग ही इस हादसे की वजह बनी। उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि आखिर कब तक शादियों में इस तरह की लापरवाही जारी रहेगी। सरकार द्वारा हर्ष फायरिंग पर सख्त प्रतिबंध के बावजूद लोग कानून को नजरअंदाज कर रहे हैं, जिसका खामियाजा मासूमों को अपनी जान देकर चुकाना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *