बोकारो में बैंक ऑफ इंडिया बिजनेस कोरेस्पोंडेंट एसोसिएशन, झारखंड स्टेट के महाधिवेशन 2026 का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में राज्यभर से बड़ी संख्या में बिजनेस कोरेस्पोंडेंट, बैंक प्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह महाधिवेशन सेक्टर-08 स्थित मंगलम विवाह मंडप में आयोजित किया गया, जहां मंत्री योगेंद्र प्रसाद का पारंपरिक तरीके से अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ देकर भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद मंचासीन अतिथियों ने बैंकिंग सेवाओं के विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय जागरूकता पर अपने विचार रखे।
अपने संबोधन में मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि बिजनेस कोरेस्पोंडेंट आज बैंकिंग व्यवस्था की रीढ़ बन चुके हैं। खासकर ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में जहां बैंक शाखाएं नहीं पहुंच पातीं, वहां बीसी के माध्यम से लोगों को बैंकिंग सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि अंतिम व्यक्ति तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाना ही वास्तविक वित्तीय समावेशन है।
मंत्री ने कहा कि सरकार लगातार ग्रामीण विकास, वित्तीय समावेशन और आमजन को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है। जनधन योजना, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण जैसी योजनाओं को सफल बनाने में बिजनेस कोरेस्पोंडेंट की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि अपने अधिकारों और समस्याओं को सही मंच पर मजबूती से उठाएं, ताकि उनका समाधान समय पर हो सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार आम जनता और बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े कर्मियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने मंत्री के विचारों का स्वागत किया और बैंकिंग सेवाओं को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
संवाददाता – चंदन सिंह, बोकारो
