बिहार के नवादा जिले से पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की बड़ी खबर सामने आई है। इस एनकाउंटर में कुख्यात अपराधी टिंकू यादव को पुलिस ने घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।

नवादा के एसपी अभिनव धीमान के मुताबिक, 25 अप्रैल की रात करीब 2:30 बजे रोह थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि टिंकू यादव ग्राम कोसी में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया और थानाध्यक्ष राहुल अभिषेक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम जब इलाके में पहुंची और घेराबंदी शुरू की, तभी करीब 3:25 बजे दो मोटरसाइकिल पर सवार युवक पुलिस वाहन को देखकर भागने लगे। पुलिस ने तुरंत उनका पीछा किया। इसी दौरान एक युवक ने कमर से हथियार निकालकर पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी संयमित तरीके से कार्रवाई की।

इस मुठभेड़ में टिंकू यादव के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया और पुलिस के हत्थे चढ़ गया। वहीं, उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

गिरफ्तार टिंकू यादव जमुई जिले के नवाडीह गांव का निवासी है और वह जिले के टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल था। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार, टिंकू यादव पर हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। रोह थाना में उस पर हत्या का आरोप है, जिसमें उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक व्यक्ति की हत्या कर शव को जलाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की थी।

घायल आरोपी को तुरंत इलाज के लिए 112 वाहन से पीएचसी रोह भेजा गया। फिलहाल, पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *