भागलपुर में पढ़ाई कर रहे 21 वर्षीय छात्र सौरभ कुमार जायसवाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सौरभ पूर्णिया जिले के रुपौली थाना क्षेत्र के बिरौली बाजार का रहने वाला था। उसके पिता संतोष जायसवाल कपड़े के व्यवसाय से जुड़े हैं। सौरभ दो भाइयों में बड़ा था और पिछले दो वर्षों से भागलपुर में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
परिजनों के अनुसार, टिका पट्टी निवासी शुभम नामक युवक ने करीब 15 दिन पहले ही सौरभ को जान से मारने की धमकी दी थी। इस धमकी के बाद परिवार चिंतित था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि मामला इतनी बड़ी वारदात तक पहुंच जाएगा।
घटना के दिन सौरभ अपने चार दोस्तों के साथ टिका पट्टी गया था। बताया जा रहा है कि वहां से लौटने के दौरान जगतपुर के पास उसे गोली मार दी गई। गोली लगने के बाद उसके साथ मौजूद दोस्तों ने आनन-फानन में उसे भागलपुर के मायागंज अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गौरव नामक युवक ने ही परिजनों को फोन कर सौरभ की मौत की सूचना दी। हालांकि, मामले में नया मोड़ तब आया जब पुलिस ने अस्पताल से ही दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। सूत्रों के मुताबिक, हिरासत में लिए गए आरोपियों में से एक गौरव ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।
मृतक की मौसी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सौरभ अपने एक मित्र के साथ फोर व्हीलर में निकला था और उसी दोस्त ने उसकी हत्या की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दो दोस्तों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। शुरुआती तौर पर आपसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
