भागलपुर के ईशाकचक थाना क्षेत्र से लापता 16 वर्षीय छात्र केशव कुमार का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। घटना को पूरे 10 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस जांच में अब तक कोई ठोस प्रगति सामने नहीं आई है। इससे परिवार गहरे सदमे, चिंता और निराशा में है। न्याय की उम्मीद में परिजन अब वरीय पुलिस अधीक्षक यानी एसएसपी कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, ईशाकचक थाना क्षेत्र के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी निवासी मुकेश कुमार का 16 वर्षीय पुत्र केशव कुमार 15 अप्रैल की सुबह करीब 5 बजे घर से टहलने के लिए निकला था। उसने परिजनों से कहा था कि वह बायपास की ओर जा रहा है, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी देर तक इंतजार के बाद जब परिजनों ने संपर्क करने की कोशिश की, तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला।
पीड़ित पिता मुकेश कुमार ने बताया कि घटना के तुरंत बाद ईशाकचक थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने जांच शुरू की, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। उन्होंने कहा कि परिवार दर-दर की ठोकरें खा रहा है और हर बीतता पल चिंता को और बढ़ा रहा है।
मां रश्मी कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी आंखों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। वे बस एक ही गुहार लगा रही हैं—“बेटा, तुम जहां भी हो, सुरक्षित घर वापस आ जाओ।”
परिवार के अनुसार, केशव पढ़ाई में काफी होनहार था। उसने हाल ही में सीबीएसई परीक्षा में 84 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। ऐसे में उसके अचानक लापता हो जाने से कई तरह की आशंकाएं जन्म ले रही हैं। पिता का कहना है कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि बेटे के साथ क्या हुआ—क्या उसका अपहरण हुआ है, या वह किसी गलत हाथों में पड़ गया है।
परिजनों ने वरीय पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर जल्द से जल्द बेटे को खोजने की गुहार लगाई है। इस पर एसएसपी ने आश्वासन दिया है कि पुलिस लगातार प्रयास कर रही है और जल्द ही केशव को ढूंढ लिया जाएगा। अब पूरे परिवार की निगाहें इसी उम्मीद पर टिकी हैं।
