सहरसा में मधनिषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 230 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की है। इस दौरान एक शराब कारोबारी को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर मध्य विद्यालय के पास वाहन जांच अभियान के दौरान की गई। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि दिनांक 24 अप्रैल 2026 को मधनिषेध एवं उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार के माध्यम से बड़ी मात्रा में अवैध चुलाई शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही विभाग की टीम सक्रिय हो गई और सदर थाना क्षेत्र के शाहपुर मध्य विद्यालय के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।
जांच के दौरान एक संदिग्ध कार, जिसका निबंधन संख्या BR01S4219 है, को रोका गया। जब अधिकारियों ने कार की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में अवैध चुलाई शराब छिपाकर रखी गई थी। टीम ने मौके पर ही कुल 230 लीटर अवैध शराब बरामद कर ली।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक शराब कारोबारी को भी गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीतीश कुमार, पिता दिनेश प्रसाद यादव, निवासी भरराही वार्ड नंबर 6, थाना सदर, जिला सहरसा के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी से शराब कारोबार से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है। विभाग अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश में जुट गया है।
छापेमारी अभियान में निरीक्षक मधनिषेध गुड्डू कुमार, सिपाही दीपक कुमार सहित उत्पाद बल के कई जवान शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे कारोबारियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
फिलहाल आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सहरसा से इन्द्रदेव की रिपोर्ट।
