पटना: राजधानी के संजय गांधी जैविक उद्यान को वर्ल्ड क्लास बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। शनिवार को वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जू के विकास से जुड़े कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इस दौरान 9.81 करोड़ रुपए की लागत से इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट योजना को हरी झंडी मिली।

बैठक में जू के संचालन को बेहतर बनाने के लिए 23 नए पदों के सृजन को स्वीकृति दी गई है, जिसमें स्थायी और संविदा दोनों तरह की बहाली होगी। वहीं, जू में कार्यरत 346 दैनिक मजदूरों के वेतन में 2000 रुपए की बढ़ोतरी करते हुए इसे 11200 से बढ़ाकर 13200 रुपए कर दिया गया है।

जू परिसर में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार भी किया जाएगा। गेट नंबर 1 और 2 का 4.94 करोड़ की लागत से पुनर्निर्माण होगा, जिसमें अत्याधुनिक टिकट काउंटर, सोविनियर शॉप, क्लॉक रूम, स्टाफ रूम और टॉयलेट जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। इसके अलावा नया कैफेटेरिया और दो फूड किओस्क भी बनाए जाएंगे।

पर्यटकों के आकर्षण के लिए ‘ट्री टॉप वॉकवे’ का निर्माण प्रस्तावित है, जिसके जरिए लोग पेड़ों के ऊपर चलकर प्राकृतिक सौंदर्य और वन्य जीवों को करीब से देख सकेंगे। इसके लिए सेंट्रल जू अथॉरिटी को प्रस्ताव भेजा गया है। साथ ही जू में टॉयलेट और पेयजल सुविधाओं का विस्तार और पुराने ढांचे का जीर्णोद्धार किया जाएगा।

बच्चों के लिए चिल्ड्रेंस पार्क का पुनर्निर्माण किया जाएगा, जहां नए गेम और एक्टिविटी इंस्टॉल किए जाएंगे। जू परिसर में 15 आकर्षक सेल्फी पॉइंट और 150 इको-फ्रेंडली लकड़ी के बेंच भी लगाए जाएंगे।

इसके अलावा टॉय ट्रेन के संचालन के लिए रेलवे को 5 करोड़ रुपए का भुगतान कर दिया गया है और जल्द काम शुरू होने की उम्मीद है। 16 जू गाइड भी तैनात किए गए हैं, जिनका शुल्क घटाकर 10 रुपए प्रति व्यक्ति कर दिया गया है।

इन सभी योजनाओं को अगले एक से डेढ़ साल में पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *