पटना: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के कई महीने बाद नितिन नबीन ने आखिरकार अपनी राष्ट्रीय टीम की घोषणा कर दी है। नितिन नबीन की नई टीम में युवाओं को खास तवज्जो दी गई है। बिहार से तीन नेताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं। इसे बिहार बीजेपी के लिए बड़ी राजनीतिक और संगठनात्मक उपलब्धि माना जा रहा है।
बिहार से सिद्धार्थ शंभू को बीजेपी का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। सिद्धार्थ शंभू पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं। संजय जायसवाल के प्रदेश अध्यक्ष रहने के दौरान वह प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वहीं, सम्राट चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया था। अब राष्ट्रीय स्तर पर उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, राज्यसभा सांसद शिवेश राम को बीजेपी एससी मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। शिवेश राम पूर्व सांसद मुनीलाल राम के बेटे हैं। उनके पिता मुनीलाल राम सासाराम लोकसभा क्षेत्र से 1996, 1998 और 1999 में सांसद रह चुके हैं। शिवेश राम की पहचान एक मुखर दलित नेता के तौर पर रही है। ऐसे में एससी मोर्चा की जिम्मेदारी मिलना उनके राजनीतिक कद के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
इसके अलावा बीजेपी नेता ऋतुराज सिन्हा को प्रकोष्ठ संकुल का सह-संयोजक बनाया गया है। वह संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। इससे पहले जेपी नड्डा की टीम में उन्हें राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी मिली थी, लेकिन इस बार उनकी भूमिका बदली गई है। ऋतुराज सिन्हा चुनावी राजनीति से अब तक दूर रहे हैं और वह पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा के पुत्र हैं।
राष्ट्रीय सचिव बनाए जाने पर सिद्धार्थ शंभू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे और हर जिम्मेदारी को ईमानदारी से निभाएंगे।





