बोकारो जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चास मुफस्सिल थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी तरीके से लोगों को झांसे में लेकर ठगी की वारदात को अंजाम देते थे।
जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल की रात थाना प्रभारी प्रकाश मंडल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मालती लक्सजरिया सिटी के एन-ब्लॉक स्थित फ्लैट नंबर 101 में छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान मौके से चार साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 16 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और कई संदिग्ध मोबाइल नंबरों से भरी डायरी बरामद की है।
चास एडीपीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि जांच के दौरान यह खुलासा हुआ है कि आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को कॉल करते थे। वे केवाईसी अपडेट नहीं होने, एटीएम कार्ड बंद होने का डर दिखाकर या फिर प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम यानी पीएमईजीपी लोन दिलाने का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद वे पीड़ितों से एपीके फाइल इंस्टॉल कराते थे और स्क्रीन शेयर के जरिए उनके बैंक खाते की पूरी जानकारी हासिल कर लेते थे।
पुलिस के अनुसार, सभी गिरफ्तार आरोपी जामताड़ा के रहने वाले हैं, जो लंबे समय से इस तरह की ठगी में शामिल थे। फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी जारी है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ऐप पर भरोसा न करें और अपनी बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
संवाददाता: चंदन सिंह, बोकारो
